श्रीनगर गढ़वाल : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राज्यपाल ने भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया तो पार्टी विधानसभा में अपना बहुमत भी साबित करेगी। भाजपा के पास बहुमत है। पार्टी चुनाव के लिए भी तैयार है।
श्रीनगर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए श्री रावत ने दावा किया कि भ्रष्टचार और लूट तंत्र के कारण ही कांग्रेस अपने कुनबे को नहीं संभाल पायी। अब हरीश रावत जगह-जगह जाकर घडि़याली आंसू बहा रहे हैं।
कांग्रेस के बागी विधायकों को भाजपा में लाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पार्टी के सामने अभी यह मुद्दा नहीं हैं। अभी प्राथमिकता प्रदेश और लोकतंत्र को बचाना है। हम जनता के बीच जाकर नया जनमत लेने के लिए भी तैयार हैं। कांग्रेस अनर्गल बयानबाजी कर रही है। अपनी नाकामी को बचाने के लिए वह भाजपा पर आरोप लगाते हैं, जबकि कांग्रेस के विधायकों ने ही अपनी सरकार गिरायी। युवा मोर्चे के जिलाध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, जिला उपाध्यक्ष विकास कुकरेती, जयबल्लभ पंत, शैलेंद्र जैन, अनूप बहुगुणा, जितेंद्र रावत, सागर अग्रवाल, सुधीर उनियाल, कुशलानाथ आदि भी पत्रकार वार्ता में मौजूद थे।